सिरसा, 12 अप्रैल । नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की डबवाली यूनिट ने नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सिरसा जिले क्षेत्र से दो तस्करों को गिरफ्तार कर चूरापोस्त व अफीम बरामद की है। डबवाली यूनिट इंचार्ज बनवारी लाल ने रविवार को बताया कि पकड़े गए तस्करों की पहचान गोबिंद व टहल सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव लोहगढ़ क्षेत्र में बाइक सवार दो युवक नशा बेचने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की तलाशी शुरू कर दी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर प्लास्टिक का थैला लेकर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जांच के लिए बाइक सवार युवकों को रोक लिया। तलाशी लेने पर उनके थैले से 15 किलोग्राम चूरापोस्त व 45 ग्राम अफीम बरामद हुई। उन्होंने बताया कि आरोपियों को के खिलाफ डबवाली पुलिस थाना में अभियोग दर्ज किया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है और नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
इसके अलावा सीआईए डबवाली पुलिस ने लाखों रुपये की आधा किलोग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में वांछित तस्कर गुरकिरपाल सिंह को पंजाब के बठिंडा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कार सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन बरामद की थी। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें गुरकिरपाल सिंह ने हेरोइन सप्लाई की है। जिस पर पुलिस ने आरोपी गुरकिरपाल के खिलाफ भी मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।