खूंटी, 23 अप्रैल । जरियागढ़ थाना क्षेत्र के सोटेया उरांव टोली में गुरुवार को कुआं में डूबने से बुधनी देवी (55) नामक महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बुधनी देवी गांव के ही गंझू उरांव के घर के पीछे स्थित कुएं में पानी भरने गई थी। उसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे सीधे कुएं में गिर पड़ीं। गहराई अधिक होने के कारण वे पानी में डूब गईं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने की कोशिश करते हुए कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया। अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।