श्रीगंगानगर में जनसुनवाई के दौरान भाजपा विधायक से मारपीट, तीन अधिकारी गिरफ्तार

श्रीगंगानगर, 30 अप्रैल । जिले में जनसुनवाई के दौरान भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। विधायक के आरोप पर पुलिस ने राजस्थान अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (आरयूआईडीपी) के सहायक अभियंता सहित तीन अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे एसडी बिहाणी कॉलेज में संचालित विधायक सेवा केंद्र की है।

जवाहर नगर थाने के सीआई देवेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि विधायक के साथ मारपीट के आरोप में आरयूआईडीपी के एईएन जगनलाल बैरवा, प्रोजेक्ट मैनेजर शहनवाज और एलएंडटी कंपनी के प्लानिंग मैनेजर सोएम को गिरफ्तार किया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

विधायक जयदीप बिहाणी ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनकी आंख और चेहरे पर चोट आई तथा चश्मा टूट गया। उन्होंने बताया कि शहर में पानी सप्लाई बाधित होने की समस्या को लेकर विधायक सेवा केंद्र में बैठक बुलाई गई थी।

विधायक के अनुसार, आरयूआईडीपी और एलएंडटी कंपनी के कार्यों के चलते पुरानी आबादी और करणपुर रोड क्षेत्र में पिछले सात दिनों से जल आपूर्ति बाधित है। इस संबंध में अधिकारियों को बुलाया गया था। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा और मारपीट की घटना हो गई। दूसरी ओर प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अधिकारियों के पहुंचने पर विधायक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और मारपीट की, जिसमें एक अधिकारी की शर्ट भी फट गई। कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए जाने का आरोप लगाया गया है। विधायक ने मामले में विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को शिकायत करने की बात कही है तथा परियोजना में अनियमितताओं की जांच की मांग की है।