नई दिल्ली, 08 मई । पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। निवेशकों की धारणा कमजोर पड़ने से घरेलू बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट रही। सेंसेक्स करीब 516 अंक टूटकर बंद हुआ, जबकि निफ्टी में 150 अंक की गिरावट आई।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 516.34 अंक यानी 0.66 फीसदी गिरकर 77,328.19 के स्तर पर हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 698.09 अंक तक फिसल गया था। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 150.50 अंक यानी 0.62 फीसदी फिसलकर 24,176.15 अंक पर आ गया।
सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के शेयर में मार्च तिमाही नतीजों के बाद 6.62 फीसदी की गिरावट आई। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी नुकसान में रहे। हालांकि, टाइटन के शेयर अनुकूल तिमाही नतीजों के बाद 4.76 फीसदी चढ़ गया। इसके साथ एशियन पेंट्स, अडाणी पोर्ट्स, इंफोसिस और एचसीएल टेक के शेयरों में भी तेजी रही।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड करीब 100 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी बढ़त में रहा, जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में रहा। इसके अलावा यूरोपीय बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
विश्लेषकों के मुताबिक पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ने से शेयर बाजार में जोखिम से बचने का रुझान देखा गया। विदेशी निवेशकों की बिकवाली और वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख ने भी गिरावट को बढ़ाया।
उल्लेखनीय है कि पिछले सत्र में बीएसई का सेंसेक्स 114 अंक टूटक्र 77,844.52 अंक पर और निफ्टी 4.30 अंक की गिरावट के साथ 24,326.65 के स्तर पर बंद हुआ था।
————-