ऑटो चालकों ने पकड़ा शातिर ठग

पूर्वी सिंहभूम, 24 मई । गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित आकाशदीप प्लाजा के समीप रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ऑटो चालकों ने लोगों से ठगी करने वाले एक युवक को खदेड़कर पकड़ लिया। आरोपित पर आरोप है कि वह लंबे समय से ऑटो चालकों और राहगीरों को झांसा देकर रुपये ऐंठने का काम कर रहा था।

लगातार हो रही घटनाओं से परेशान चालकों ने उसकी पहचान कर रखी थी और मौके की तलाश में थे। रविवार को युवक ने फिर उसी तरीके से ठगी का प्रयास किया, लेकिन इस बार वह लोगों के हत्थे चढ़ गया।

भुक्तभोगी ऑटो चालक राव ने बताया कि आरोपित युवक पहले भी उससे करीब तीन हजार रुपये ठग चुका था। रविवार को युवक ने दोबारा उसे अपने जाल में फंसाने की कोशिश की। उसने चालक से कहा कि मस्जिद के पास से एक महिला और युवती को लेकर साकची स्थित सागर होटल से डायमंड मार्केट तक जाना है, जहां शादी समारोह में शामिल होना है। इसके लिए 100 रुपये किराया तय किया गया।

इसके बाद युवक ने पास के एक मकान की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह ऊपर से पैसे लेकर आता है। इसी दौरान उसने चालक से तीन हजार रुपये के छुट्टे मांगे। राव ने उसे तुरंत पहचान लिया और उसकी बांह पकड़ ली। खुद को फंसता देख आरोपी वहां से भागने लगा और अपनी स्कूटी छोड़कर फरार होने की कोशिश की।

ऑटो चालक के शोर मचाने पर आसपास मौजूद अन्य चालक और स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। लोगों ने कुछ दूरी तक पीछा कर युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500-500 रुपये के कई नोट बरामद हुए। इसके बाद लोगों ने उसकी स्कूटी भी अपने कब्जे में ले ली।

घटना की सूचना मिलने पर गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने चली गई। गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन ने बताया कि उससे पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ मिली शिकायतों की जांच में जुटी हुई है। वहीं, स्थानीय ऑटो चालकों ने पुलिस से आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में वह किसी अन्य व्यक्ति को अपना शिकार न बना सके।