आबकारी विभाग ने पकड़ी 45 पेटी अवैध शराब

कुल्लू, 05 जून । हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार, परिवहन और भंडारण के खिलाफ राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने अपनी मुस्तैदी बढ़ाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत कुल्लू जिला में विभागीय टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर सघन चेकिंग के दौरान कुल 45 पेटी अवैध शराब बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। विभाग ने दोनों ही मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी, ऐसे हाथ लगी खेप

आबकारी विभाग की विशेष टीम ने गुप्त सूचना और मुस्तैदी के आधार पर जिला के दो अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश दी।

टीम ने फोरलेन पर तलोगी के पास नाकाबंदी के दौरान एक कार को चेकिंग के लिए रोका। तलाशी लेने पर गाड़ी के भीतर से 23 पेटी अवैध शराब बरामद की गई। इसमें 18 पेटी देशी शराब, 2 पेटी अंग्रेजी शराब और 3 पेटी बीयर शामिल थी।

अन्य मामले में कार्रवाई रामशिला क्षेत्र में की गई। यहाँ एक टिन शेड के भीतर अवैध रूप से छिपाकर रखी गई 22 पेटी शराब बरामद की गई। इसमें 12 पेटी देशी, 1 पेटी अंग्रेजी शराब और 9 पेटी बीयर पाई गई।

उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी मनोज डोगरा ने बताया कि बरामद की गई पूरी खेप को मौके पर ही विधिवत तरीके से जब्त कर लिया गया है। दोनों ही मामलों में आरोपियों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।