ऊना, 06 जून । हिमाचल प्रदेश की रेल कनेक्टिविटी को शनिवार को एक बड़ी सौगात मिली, जब गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12325/12326) का विस्तार अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन तक किया गया। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से हिमाचल प्रदेश अब देश के कई बड़े शहरों से सीधे रेल मार्ग से जुड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले नंगल से संचालित होने वाली गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस अब अंब अंदौरा से चलेगी। यह ट्रेन आनंदपुर साहिब, अंबाला, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, वाराणसी, पटना, जसीडीह और आसनसोल होते हुए कोलकाता तक पहुंचेगी। इससे हिमाचल के यात्रियों को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल तक सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह ट्रेन केवल परिवहन का साधन नहीं बल्कि व्यापार, रोजगार, पर्यटन और धार्मिक यात्राओं के नए अवसर भी लेकर आई है। अब श्रद्धालु अंब अंदौरा से सीधे काशी विश्वनाथ, तख्त श्री पटना साहिब, बैद्यनाथ धाम देवघर, आनंदपुर साहिब और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कर सकेंगे। वहीं उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्रों और विभिन्न राज्यों में कार्यरत प्रवासी मजदूरों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि अंब अंदौरा से यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार सुबह 6:10 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2:50 बजे कोलकाता पहुंचेगी, जबकि कोलकाता से प्रत्येक गुरुवार सुबह 7:40 बजे चलकर अगले दिन शाम 4:55 बजे अंब अंदौरा पहुंचेगी।
सांसद ने कहा कि रेल यात्रा को आम लोगों की पहुंच में लाने के लिए यह सेवा बेहद महत्वपूर्ण है। अंब अंदौरा से लखनऊ, वाराणसी, पटना और कोलकाता तक बेहद किफायती किराए में यात्रा संभव होगी, जिससे यात्रियों को हवाई और लंबी सड़क यात्राओं की तुलना में काफी राहत मिलेगी।
गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का यह रूट धार्मिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ट्रेन वाराणसी और पटना साहिब जैसे प्रमुख आस्था केंद्रों से होकर गुजरती है, जिससे हिमाचल और पंजाब के श्रद्धालुओं को सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान आसनसोल, पटना जंक्शन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, वाराणसी, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद और सहारनपुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। यात्रियों के लिए एसी-2 टियर, एसी-3 टियर, इकोनॉमी 3-टियर तथा स्लीपर श्रेणी की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।