देहरादून/नई दिल्ली, 08 जून । पूर्व एशियाई खेल चैंपियन राही सरनोबत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज की त्रिशूल शूटिंग रेंज में आयोजित ग्रुप ‘ए’ राइफल और पिस्टल निशानेबाजों के राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स-4 (टी4) के महिला 25 मीटर पिस्टल फाइनल्स का खिताब अपने नाम किया।
ओलंपियन राही पूरे फाइनल के दौरान नियंत्रण में नजर आईं और 37 हिट्स के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने 35 हिट्स के साथ रजत पदक जीता, जबकि कर्नाटक की दिव्या टी.एस. ने 29 हिट्स के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
तमिलनाडु की निवेदिता वी. नायर 24 हिट्स के साथ चौथे स्थान पर रहीं। ओलंपियन रिदम सांगवान 22 हिट्स के साथ पांचवें और पंजाब की अर्शदीप कौर 18 हिट्स के साथ छठे स्थान पर रहीं। महाराष्ट्र की अभिज्ञा अशोक पाटिल 13 हिट्स के साथ सातवें स्थान पर रहीं, जबकि क्वालिफिकेशन में 586-22x के स्कोर के साथ शीर्ष स्थान हासिल करने वाली मध्य प्रदेश की चिंकी यादव फाइनल में नौ हिट्स के साथ आठवें स्थान पर रहीं।
इससे पहले क्वालिफिकेशन राउंड में मनु भाकर ने 584-16x के स्कोर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। अर्शदीप कौर और राही सरनोबत क्रमशः 579-20x और 579-18x के स्कोर के साथ तीसरे और चौथे स्थान पर रहीं।
निवेदिता वी. नायर ने 579-12x के स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई किया, जबकि रिदम सांगवान और दिव्या टी.एस. दोनों ने 578-16x का स्कोर किया। काउंटबैक के आधार पर रिदम को आगे रखा गया। अभिज्ञा पाटिल ने 576-15x के स्कोर के साथ अंतिम क्वालिफाइंग स्थान हासिल किया।
राष्ट्रीय रैंकिंग में विश्व रिकॉर्डधारी और आईएसएसएफ वर्ल्ड कप म्यूनिख 2026 स्वर्ण पदक विजेता ईशा सिंह ट्रायल्स में हिस्सा न लेने के बावजूद शीर्ष स्थान पर बनी हुई हैं, जबकि मनु भाकर दूसरे स्थान पर कायम हैं।
राही सरनोबत तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं और उन्होंने दिव्या टी.एस. के साथ स्थानों की अदला-बदली की है। दिव्या अब चौथे स्थान पर हैं। रिदम सांगवान पांचवें स्थान पर बरकरार हैं, जबकि चिंकी यादव क्वालिफिकेशन प्रदर्शन के दम पर नौवें से छठे स्थान पर पहुंच गई हैं।
टी4 राइफल/पिस्टल ट्रायल्स आगामी एशियाई खेलों के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण हैं, जहां इस वर्ष एइची-नागोया में आयोजित होने वाले खेलों की 28 निशानेबाजी स्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए 15 पुरुष और 15 महिला निशानेबाजों का चयन किया जाएगा। 12 सदस्यीय शॉटगन टीम की घोषणा पहले ही की जा चुकी है, जबकि राइफल और पिस्टल टीमों का चयन इन ट्रायल्स के समापन के बाद किया जाएगा।
मंगलवार को प्रतियोगिता में चार फाइनल्स के साथ मुकाबले फिर शुरू होंगे, जिनमें पुरुष और महिला 10 मीटर एयर पिस्टल तथा पुरुष और महिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन्स स्पर्धाएं शामिल हैं।