राजकीय कन्या महाविद्यालय में समस्याओं की भरमार

जोधपुर, 26 जून । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जोधपुर महानगर इकाई द्वारा राजकीय कन्या महाविद्यालय मगरा पूंजला की प्राचार्या को छात्राओं की विभिन्न शैक्षणिक और मूलभूत समस्याओं के समाधान हेतु एक ज्ञापन सौंपा गया।

विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन से संबंधित वन विभाग के साथ चल रहा विवाद लंबे समय से लंबित है। इस विवाद के कारण छात्राओं को स्थाई भवन की सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी शैक्षणिक व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

एबीवीपी ने मांग की है कि इस वन विभाग संबंधी विवाद का शीघ्र निस्तारण (समाधान) करवाया जाए ताकि छात्राओं को जल्द से जल्द नए और स्थाई भवन की सुविधा मिल सके। इसके साथ ही संगठन ने कॉलेज परिसर में छात्राओं की बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर भी कई मांगें उठाई हैं, जिनमें मुख्य रूप से शुद्ध पेयजल व्यवस्था, शौचालय मरम्मत व सफाई, टूटे दरवाजों को बदलने, छात्राओं की सुरक्षा के लिए मुख्य द्वार पर सुरक्षा गार्ड तैनात करने, पूरे परिसर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने, कॉलेज में डस्टबिन रखने, व्यवस्थित पार्किंग बनाने, छात्राओं के अध्ययन के लिए अलग लाइब्रेरी, कैंटीन और सेमिनार हॉल की व्यवस्था करने की मांग की गई है।

एबीवीपी के महानगर मंत्री ईश्वर बंजारा ने चेतावनी दी है कि यदि छात्राओं की इन जायज और मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो संगठन छात्राओं के हक के लिए उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान एबीवीपी के महानगर सह मंत्री लक्षिता देवड़ा व संजय परिहार, इकाई अध्यक्ष टीना कंवर, और विभाग छात्रा प्रमुख सरोज मौजूद रहे।