गुना, 27 जून । केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत मध्य प्रदेश के गुना जिले में कूनो नदी के उद्गम स्थल ग्राम कंजा पहुंचकर जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं धार्मिक आस्था के संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर उन्होंने उद्गम स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा महिलाओं एवं बालिकाओं द्वारा कलश यात्रा के माध्यम से लाए गए पवित्र जल को शास्त्री मंदिर में अर्पित कराया। इसके बाद “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ 700 पौधों का रोपण किया। साथ ही उन्होंने खुटियावद-म्याना में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित पीएम-कुसुम योजना के 3.8 मेगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण तथा ग्राम पटाई में श्री राम-जानकी मंदिर जीर्णोद्धार कार्य का भूमिपूजन भी किया।
प्रकृति की रक्षा हमारा धर्म : सिंधिया
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय संस्कृति में नदियों को माता का स्वरूप माना गया है। उन्होंने कहा कि “जल है तभी जीवन है” और वर्तमान समय में बढ़ते तापमान एवं पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए जल स्रोतों एवं वृक्षों का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का धर्म होना चाहिए। उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि पृथ्वी सभी की आवश्यकताओं की पूर्ति कर सकती है, लेकिन किसी एक व्यक्ति के लोभ की नहीं। उन्होंने कूनो उद्गम स्थल के संरक्षण एवं बावड़ी निर्माण कार्य की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में यह पूरा क्षेत्र घने वृक्षों से आच्छादित होगा।
कूनो पुनर्जीवन परियोजना से 101 गांव होंगे लाभान्वित
कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा कूनो नदी पुनर्जीवन परियोजना की जानकारी दी गई। बताया गया कि परियोजना का उद्देश्य जल संरक्षण, कृषि उत्पादन में वृद्धि तथा पर्यावरणीय संतुलन स्थापित करना है। ग्राम कंजा स्थित उद्गम स्थल पर 2,500 पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें अब तक 1,700 पौधे लगाए जा चुके हैं। उद्गम स्थल की जीर्ण संरचना को बावड़ी के रूप में विकसित किया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत 23ग्राम पंचायतों के 101गांव शामिल हैं। कूनो नदी की कुल लंबाई 180किलोमीटर है, जिसमें 59किलोमीटर भाग गुना जिले में स्थित है।
20 करोड़ के सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण
इसके बाद केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम) योजना के अंतर्गत खुटियावद-म्याना में 1.8 एवं 2 मेगावाट क्षमता के लगभग 20 करोड़ रुपये लागत के सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऊर्जा आज केवल किसानों की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि उनके जीवन का उद्देश्य गुना संसदीय क्षेत्र का सर्वांगीण विकास है और वे क्षेत्र की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता और सिंधिया परिवार का संबंध केवल राजनीति का नहीं, बल्कि विश्वास और आत्मीयता का है। उन्होंने बताया कि बमोरी क्षेत्र में अब 28विद्युत उपकेंद्र स्थापित हो चुके हैं और भविष्य में भी विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
विरासत का संरक्षण हमारा धर्म है : सिंधिया
ग्राम पटाई में श्री राम-जानकी मंदिर जीर्णोद्धार कार्य के भूमिपूजन अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि मंदिर परिसर में स्थित बरगद का वृक्ष न जाने कितनी पीढ़ियों का साक्षी रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान राम और जानकी की यह विरासत केवल इस देश की नहीं, बल्कि पूरे विश्व की धरोहर है। उन्होंने ग्रामवासियों को मंदिर जीर्णोद्धार के लिए लगभग 20 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि विकसित भारत-2047 का सपना तभी साकार होगा, जब नए विकास कार्यों के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का संरक्षण भी समान रूप से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व भारत की शक्ति को स्वीकार कर रहा है। ऐसे समय में प्राचीन मंदिरों, धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि हम सभी का धर्म है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं और विकास कार्यों की जानकारी समय-समय पर उन्हें अवगत कराते रहें। “आपकी जिम्मेदारी हमें बताने की है और हमारी जिम्मेदारी उन्हें पूरा करने की है।
राम-जानकी मंदिर का होगा जीर्णोद्धार
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य ने ग्राम पटाई में श्री राम-जानकी मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का भूमिपूजन किया। ग्रामवासियों की मांग पर मध्य प्रदेश शासन के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए 19.97 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। लगभग 540 वर्गफुट क्षेत्र में होने वाले इस कार्य के अंतर्गत गर्भगृह पर शिखर निर्माण, आकर्षक प्रवेश द्वार, टीनशेड, चबूतरा, फर्श निर्माण सहित अन्य विकास कार्य किए जाएंगे।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार, नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविन्द्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष अरविन्द्र धाकड़, पूर्व मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया, सांसद प्रतिनिधि हरिसिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक हितिका वासल एवं अन्य अधिकारी एवं आमजन उपस्थित थे।