बिजनौर, 10 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के रेहड़ थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के चार दिन पुराने मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर मेडिकल परीक्षण और न्यायालय में बयान दर्ज कराने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया।
चार दिन पहले रेहड़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दो आरोपिेंताें के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। इसके साथ ही मामले में एक आरोपित को बादीगढ़ चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार दूसरे आरोपित की तलाश जारी है ।