प्रयागराज, 10 जुलाई । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सोरांव थाना क्षेत्र के गुलाब ढाबा के पास हाइवे पर शुक्रवार को ट्रक की टक्कर से कार में सवार डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे में मृतका की मां समेत चार लोग घायल हो गए। सभी लोग उन्नाव जनपद के रहने वाले हैं। मुंडन संस्कार के लिए वाराणसी जा रहे थे। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि हादसे में मृत बच्ची नित्या उन्नाव जिले के पुरवा थाना क्षेत्र स्थित मिरदहन गांव निवासी मोनू धारुक की बेटी है। हादसे में घायल मोनू धारुक की पत्नी आरती (28), डाई वर्षीय बेटा अनुमोल, बेटी अनामिका (14) तथा बहन मंजू (35) को उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया है।
परिवार के लोगों ने बताया कि मोनू के बेटे अनुमोल का मुंडन कराने के लिए गुरुवार रात कार में सवार होकर कुल आठ लोग वाराणसी जा रहे थे। सोरांव थाना क्षेत्र में हाइवे के किनारे गुलाब ढाबा के पास कार खड़ी कर मोनू और ड्राइवर अखिलेश और रिस्तेदार विरेन्द्र चाय पीने लगे। इसी दौरान एक बेकाबू ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। सभी हादसे के शिकार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।