गुलमोहर स्टार्टअप स्टूडियाें में विद्यार्थियों को मिलेगी उद्यमिता की शिक्षा

पूर्वी सिंहभूम, 11 जुलाई । टेल्को स्थित गुलमोहर हाई स्कूल ने विद्यार्थियों में नवाचार और उद्यमिता की सोच विकसित करने के उद्देश्य से शनिवार को ‘गुलमोहर स्टार्टअप स्टूडियो – एंटरप्रेन्योरशिप एंड इनोवेशन प्रोग्राम 2026’ की शुरुआत की है। इसे झारखंड में स्कूल और पूर्व छात्रों की साझेदारी पर आधारित अपनी तरह की अनूठी पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम की परिकल्पना विद्यालय की प्राचार्या प्रीति सिन्हा ने की है, जिसका उद्देश्य छात्रों को केवल परीक्षा नहीं, बल्कि जीवन और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।

नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) की भावना के अनुरूप तैयार इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को वास्तविक स्टार्टअप तैयार करने, उद्यमियों से सीखने और व्यवसाय संचालन की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में प्राचार्या प्रीति सिन्हा ने कहा कि उद्यमिता केवल व्यवसाय शुरू करना नहीं, बल्कि समस्याओं का समाधान खोजकर समाज के लिए मूल्य सृजित करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में विद्यालय के छात्र ‘शार्क टैंक’ जैसे राष्ट्रीय मंचों तक पहुंचेंगे और रोजगार लेने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनेंगे।

कार्यक्रम में विद्यालय की उप-प्राचार्या अर्चना श्रीवास्तव, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और कई पूर्व छात्र मौजूद थेे। मुख्य वक्ता के रूप में वर्ष 1996 बैच के पूर्व छात्र थाैर बुकमायजेट के संस्थापक एवं सीईओ संतोष शर्मा ने विद्यार्थियों को जिज्ञासु, साहसी और असफलताओं से सीखने वाला बनने का संदेश दिया। वहीं वर्ष 2026 बैच के छात्र आशुतोष और वर्ष 2024 बैच के पूर्व छात्र वैभव कर्ण ने भी अपने अनुभव साझा किए।

स्टार्टअप स्टूडियो का पहला प्रोजेक्ट ‘हैंडक्राफ्टेड एंड सस्टेनेबल ज्वेलरी’ होगा, जिसके माध्यम से छात्र उत्पाद डिजाइन, ब्रांडिंग, मार्केटिंग, वित्तीय योजना और बिक्री की पूरी प्रक्रिया सीखेंगे। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि यह पहल विद्यार्थियों में नेतृत्व, रचनात्मक सोच, टीमवर्क, वित्तीय साक्षरता और नवाचार की क्षमता विकसित कर उन्हें भविष्य के सफल उद्यमी बनने के लिए तैयार करेगी।