मंदसौरः भाजपा की मासिक कामकाजी बैठक संपन्न

मंदसौर, 12 जुलाई । भारतीय जनता पार्टी जिला मंदसौर की मासिक कामकाजी बैठक रविवार को भाजपा संभाग प्रभारी सुरेश आर्य, भाजपा जिला संगठन प्रभारी दिलीप सकलेचा के आतिथ्य में एवं भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित की अध्यक्षता में वृंदावन रिसॉर्ट सीतामऊ पर संपन्न हुई।

बैठक में सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, पूर्व मंत्री कैलाश चावला, विधायक हरदिपसिंह डंग, कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त बाबुलाल बंजारा, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष नानालाल अटोलिया, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार, भाजपा जिला महामंत्रीगण शिवराजसिंह घटावदा, विजय सुराना मंचस्थ रहे।

बैठक के प्रारंभ में भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया तत्पश्चात भाजपा जिला पदाधिकारी गणों, मंडल अध्यक्षगणों द्वारा मंचस्थ अतिथियों का स्वागत भाजपा दुपट्टा पहना कर किया गया ।

कामकाजी मासिक जिला बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा संभाग प्रभारी सुरेश आर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज कार्यकतार्ओं की मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर देश का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। संगठन की वास्तविक शक्ति शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकतार्ओं में निहित है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश एवं जिला संगठन द्वारा निर्धारित प्रत्येक कार्यक्रम को शक्ति केंद्र एवं प्रत्येक बूथ तक अनिवार्य रूप से पहुंचाया जाए तथा उसकी नियमित समीक्षा भी की जाए। उन्होंने कहा कि बूथ सशक्तिकरण ही चुनावी सफलता का आधार है, इसलिए प्रत्येक बूथ को सक्रिय, संगठित और आत्मनिर्भर बनाना हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।

भाजपा जिला कामकाजी मासिक बैठक को संबोधित करते हुए जिला संगठन प्रभारी दिलीप सकलेचा ने कहा कि संगठन की मजबूती केवल बैठकों से नहीं, बल्कि कार्यकतार्ओं के निरंतर प्रशिक्षण, सक्रियता और नियमित समीक्षा से सुनिश्चित होती है।

जिला मासिक कामकाजी बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि मंदसौर जिले में प्रदेश संगठन के मार्गदर्शनानुसार विगत माह मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर की बैठकें सफलतापूर्वक आयोजित की गईं। बैठक में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म पर शत प्रतिशत संगठनात्मक कार्य पूर्ण करने वाले मंडल अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारीयों का सम्मान भी किया गया।