जींद : अलग-अलग सड़क हादसों में दो की मौत

जींद, 14 जुलाई । जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायतों के आधार पर फरार वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव गतौली निवासी कुलदीप खेत में गया हुआ था। सोमवार रात वह बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में जींद-रोहतक हाइवे पर तेज रफ्तार स्कोर्पियो गाड़ी ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें कुलदीप की मौत हो गई। परिजनों को घटना का उस समय पता चला जब कुलदीप ने फोन रिसीव नही किया। परिजन ढूंढते हुए हाइवे पर पहुंचे तो वहां स्कोर्पियो गाड़ी खडी मिली। जब उन्होंने गड्ढों में देखा तो कुलदीप औंधे मुंह गिरा हुआ था। जिस पर परिजनों द्वारा मृतक कुलदीप के शव का पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में लाया गया। घटना की सूचना पाकर जुलाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया।

जुलाना थाना पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर फरार स्कोर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, सोलू कालोनी निवासी कुलदीप उर्फ मोनू कैथल रोड पर धर्मकांटा के नजदीक मजदूरी करता था। गत दिवस वह घर से अपने काम पर निकला था। सोमवार रात जींद-कैथल मार्ग पर अज्ञात तेजरफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देकर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने कुलदीप को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई नानक की शिकायत पर फरार वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।