रायपुर: प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ दो युवक गिरफ्तार, 1.83 लाख रुपये का माल जब्त

रायपुर, 21 जुलाई । रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 459 नग नाईट्रोसन-10 टेबलेट और बिक्री की 200 रुपये नकदी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1.83 लाख रुपये बताई गई है।

मंगलवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, खम्हारडीह थाना क्षेत्र के चंडी नगर स्थित गदयाही मंदिर के पास दो व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के निर्देश पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपितों ने अपनी पहचान सुनील बघेल (26 वर्ष) और सचिन महानंद (21 वर्ष) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके पास रखे बैग से 459 नग प्रतिबंधित नाईट्रोसन-10 टेबलेट बरामद हुई। पुलिस द्वारा दवा रखने और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रतिबंधित टेबलेट और 200 रुपये नकद जब्त किए। इस मामले में थाना खम्हारडीह में नारकोटिक एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बस के माध्यम से ओडिशा से लाने की जानकारी दी है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की विस्तृत जांच कर रही है।