अम्बिकापुर : शराब पीकर गाड़ी चला रहे 3 चालकों पर अदालत का एक्शन, 30 हजार का जुर्माना

अम्बिकापुर, 21 जुलाई । सरगुजा जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार मुस्तैद नजर आ रहा है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के सख्त निर्देशों के तहत यातायात शाखा और थाना बतौली पुलिस की संयुक्त टीम ने ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है।

शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े गए तीन चालकों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कानूनी मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों चालकों पर 10-10 हजार रुपये का कड़ा अर्थदंड लगाया है, जिससे कुल 30,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस ने चेकिंग के दौरान शांतिनगर अजिरमा निवासी 37 वर्षीय छत्रपति अजमले को स्कॉर्पियो वाहन (CG/29/A/6290) से शराब के नशे में धुत्त होकर ड्राइविंग करते पकड़ा, जिसकी पुष्टि ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट से हुई। वहीं, थाना बतौली पुलिस ने खड़धोवा रोड पर चेकिंग के दौरान दो अलग-अलग बाइकों पर कार्रवाई की। इसमें पल्सर एनएस बाइक चला रहे कछारडीह निवासी 19 वर्षीय समीर मिंज और एचएफ डीलक्स (CG/15/CS/5755) चला रहे 18 वर्षीय अमलेश मिंज को रोककर जांच की गई। दोनों का डॉक्टरी मुलाहिजा कराए जाने पर अत्यधिक शराब के सेवन की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने वाहनों को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस की ओर से साफ संदेश दिया गया है कि नियमों की अवहेलना और नशे में वाहन चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस पूरी कार्रवाई को सफलता पूर्वक अंजाम देने में बतौली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।