प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाएं अधिकारी : उपायुक्त

खूंटी , 25 जुलाई । उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने शनिवार को रनियां प्रखंड का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं, प्रशासनिक कार्यों और शिक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, आयुष्मान आरोग्य मंदिर तथा उलुंग स्थित राजकीय विद्यालय का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपायुक्त ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, दवा उपलब्धता, अस्पताल की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय तथा मरीजों के परिजनों के लिए बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया।

उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा निर्देश दिया कि सभी चिकित्सक रोस्टर के अनुसार समय पर उपस्थित रहें और मरीजों का संवेदनशीलता के साथ उपचार सुनिश्चित करें। साथ ही अनावश्यक रेफरल से बचने, दवा स्टॉक अद्यतन रखने और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी और विभिन्न अभिलेखों की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को आमजनों के आवेदनों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन करने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के साथ बैठक में उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने पर बल दिया। इसके अलावा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत चल रहे डिजिटाइजेशन कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने उलुंग स्थित राजकीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पठन-पाठन, मध्याह्न भोजन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति और विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समय पर पाठ्यक्रम पूरा कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत डांग सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।