श्वेत लप्पा पोशाक और बड़े मुकुट में सजे गोविंद देव जी

जयपुर, 29 जुलाई । आषाढ़ शुक्ल पूर्णिमा पर बुधवार को आराध्य देव ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देव जी महाराज (जयनिवास बाग) में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सानिध्य में मंगला झांकी के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ठाकुर श्रीजी का पंचामृत अभिषेक किया गया।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर ठाकुर श्रीजी को सुनहरे गोटे की श्वेत लप्पा जामा पोशाक धारण कराई गई। साथ ही पूर्णिमा का विशेष अलंकार शृंगार, बड़ा मुकुट और छड़ी धारण कराकर अलौकिक स्वरूप में दर्शन कराए गए। इस अवसर पर ठाकुरजी को विशेष रूप से बर्फी का भोग अर्पित किया गया तथा ग्वाल झांकी में मनोरथानुसार आकर्षक फूल बंगला सजाया गया।

महंत अंजन कुमार गोस्वामी के अनुसार गुरु पूर्णिमा का यह दिन श्रीपाद सनातन गोस्वामी जी के तिरोभाव महोत्सव के रूप में भी श्रद्धा पूर्वक मनाया गया। सुबह से ही मंदिर में दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा और पूरा परिसर ‘जय श्री गोविंद’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।