हरिद्वार, 29 जुलाई । जिला महानगर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को जनपद के सरकारी अस्पतालों से बड़ी संख्या में चिकित्सकों के स्थानांतरण के विरोध में सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने स्थानांतरण आदेश निरस्त करने और जनपद की स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि हरिद्वार जैसे संवेदनशील जिले में स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी उपचार के लिए सरकारी अस्पतालों पर निर्भर हैं। ऐसे में डॉक्टरों के बड़े पैमाने पर तबादले से मरीजों को समय पर इलाज मिलने में दिक्कत होगी। उन्होंने सरकार से आदेशों की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार तबादले निरस्त करने की मांग की।
पूर्व विधायक रामयश सिंह ने कहा कि सरकार ने करीब 350 चिकित्सकों की जंबो तबादला सूची जारी की है, जिसका सबसे अधिक असर हरिद्वार पर पड़ा है। पूर्व अध्यक्ष ओपी चौहान ने कहा कि एसएनसीयू बंद होने से गंभीर नवजातों को अन्य जिलों में रेफर करना पड़ रहा है।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता जोशी ने जिला महिला चिकित्सालय में इमरजेंसी सेवा 24 घंटे शुरू करने की मांग की। नेताओं ने कहा कि कांवड़ मेला और कुंभ से पहले अतिरिक्त डॉक्टरों की तैनाती हो। चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर कांग्रेस आंदोलन करेगी।