जयपुर, 31 जुलाई । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 1 एवं 2 अगस्त को उदयपुर तथा राजसमंद जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री पर्यावरण संरक्षण, युवा जागरूकता, ग्रामीण विकास तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन से संवाद कर विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।
मुख्यमंत्री 1 अगस्त को उदयपुर के दूध तलाई (पिछोला) में आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव शुभारंभ समारोह में भाग लेंगे। इस अवसर पर वे चंदनवन में पौधारोपण करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री झाड़ोल क्षेत्र के बीड़ा गांव में ग्राम विकास चौपाल में भाग लेंगे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मुख्यमंत्री द्वारा 9 ग्राम विकास चौपाल की जा चुकी हैं। चौपालों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं, विकास योजनाओं की प्रगति तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।
दौरे के दूसरे दिन 2 अगस्त को मुख्यमंत्री उदयपुर के राजस्थान कृषि महाविद्यालय, पहुंचेंगे। यहां वे नारी शक्ति रैली को फ्लैग ऑफ करेंगे। मुख्यमंत्री इसके पश्चात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के शुभारंभ कार्यक्रम में वीसी के माध्यम से शामिल होंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री राजसमंद में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत संरचना, नागरिक सुविधाओं तथा समग्र विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री इसके पश्चात उदयपुर पहुंचकर उदयपुर संभाग एवं सिरोही जिले के कलक्टर्स तथा पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।