नूंह में कावड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने किया रूट का निरीक्षण

नूंह, 05 अगस्त । कावड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नूंह पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने स्वयं जिले से गुजरने वाले कावड़ मार्ग का निरीक्षण किया और विभिन्न कावड़ शिविरों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कावड़ियों के लिए लगाए गए शिविरों में पेयजल, चिकित्सा और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।

पुलिस के अनुसार 30 जुलाई से 11 अगस्त तक कावड़ यात्रा के दौरान जिले में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। कावड़ियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न पीसीआर, राइडर और करीब 250 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। यह जवान थाना रोजका मेव, नूंह सदर, नूंह शहर, आकेड़ा, नगीना, फिरोजपुर झिरका सदर व शहर, पिनगवां, पुनहाना शहर, पुनहाना सदर, तावडू शहर और तावडू सदर सहित प्रमुख चौराहों, डिवाइडिंग रोड और संवेदनशील स्थानों पर तैनात हैं। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष पुलिस बल लगाया गया है।

पूरी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी डीएसपी अभिमन्यु लोहान, डीएसपी सुरेंद्र कौर और डीएसपी हरदीप सिंह के नेतृत्व में की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि कावड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं और पुलिस टीम पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही है।