ट्रक को दुर्घटना दिखाकर 30 टन मक्के की बिक्री के आरोप में चार गिरफ्तार

पलामू, 13 अगस्त । जिले के रेहला के ओमप्रकाश शुक्ला के ट्रक (एनएल 01 एबी 8599) को गढवा जिले के रंका थाना क्षेत्र में दुर्घटना दिखाकर उसपर लदे 30 टन मक्का बेच दिया गया। इस मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खरीददार, चालक और दो बिचौलियों को गिरफ्तार किया है।

मक्के को चार लाख 80 हजार रूपए में बेच दिया गया था। तीन लाख 10 हजार रूपए का भुगतान हो गया था। एक लाख 70 हजार रूपए बकाया था। चालक बकाया राशि लेने के लिए रंका बाजार गया था। इसी क्रम में उसे गिरफ्तार किया गया और घटना का उदभेदन हुआ।

गिरफ्तार ट्रक चालक की पहचान गढवा के धुरकी थाना क्षेत्र के कदवा निवासी पंकज पासवान के रूप में हुई है, जबकि खरीददार रंका निवासी संतोष कुमार और बिचौलिए आदित्य द्विवेदी और प्रकाश कुमार हैं।

बता दें कि ओमप्रकाश शुक्ला ने ट्रक चालक के खिलाफ रंका थाना में 30 टन मक्का का दाना चोरी कर बेच देने के आरोप में 11 अगस्त को मामला दर्ज कराया था।

पुलिस के अनुसार चालक ने गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में बताया कि रेहला से छतीसगढ जाने के क्रम में रास्ते में ही अपने सहयोगियों की मदद से रंका के व्यापारी संतोष कुमार को ट्रक में लोड 30 टन मक्का बेच दिया था और सबूत मिटाने के उद्देश्य से ट्रक को खुथुवा मोड़ से आगे नेशनल हाइवे 343 पर जानबूझकर एक्सीटेंड का रूप दिखाकर फरार हो गए थे।

मक्का बेचने पर उसे दो लाख 80 हजार रूपए मिले थे। उसके सहयोगियों को 15-15 हजार रूपए दिए गए थे। बाकी पैसे कुछ दिन बाद देने की बात हुई थी। बकाया पैसे लेने के लिए चालक पंकज अपने दोस्त आदित्य के पास रंका बाजार गया था। इसी क्रम में उसे गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर अन्य लोग पकड़े गए।

चालक पंकज बैंक लूट, डकैती और चोरी जैसे संगीन अपराधों में शामिल रहा है। गढवा के भवनाथपुर, धुरकी और नगर थाना से उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जमानत पर रिहा होने पर ट्रक चला रहा था। ट्रक पर लदे सामान में से कुछ सामान चोरी करके बेच देता था।