ब्यास नदी पर बना पुरानी मंडी से पड्डल पुल अब जल्द होगा जनता को समर्पित: अनिल शर्मा

मंडी, 19 अगस्त । पूर्व मंत्री एवं सदर के विधायक अनिल शर्मा ने बताया कि ब्यास नदी पर पुरानी मंडी से पड्डल तक बने पुल को अब जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लगभग पांच करोड़ अस्सी लाख रुपए के करीब पहली किस्त लोक निर्माण विभाग को प्राप्त हुई है। जिसके तहत् प्रभावित भूमि मालिकों को ये राशि उनके बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी जाएगी।जिससे इस पुल को संचालित करने में आ रही बाधा को दूर कर जल्द से जल्द जनता को समर्पित किया जाएगा।

सदर विधायक अनिल शर्मा ने बताया कि उन्होंने नगर निगम के चुनावों के दौरान ही जनता से वादा किया था कि नगर निगम मंडी में भाजपा की जीत का परचम लहराते ही वो शहर में अधूरे पड़े विकासात्मक कार्यों को गति देंगे। इसके अलावा यू ब्लॉक में प्राथमिक स्कूल (बाल) के निर्माणाधीन भवन को पूरा करने के लिए लगभग छयासठ लाख रूपए की राशि भी लोक निर्माण विभाग को जारी की गई है। इस भवन को पूर्ण कर बच्चों को समर्पित किया जा सके ।

अनिल शर्मा ने बताया कि उन्होंने योजना विभाग की बैठक में इस मामले को जो शोर से मुख्यमंत्री के सामने उठाया था और उसके तहत ये राशि योजना विभाग द्वारा लोक निर्माण विभाग को जारी की गई ताकि इस भवन का निर्माण पूर्ण किया जा सके।

उन्होंने बताया कि वल्लभ महाविद्यालय मंडी के निर्माणाधीन भवन और इसके वाटर प्रूफिंग ,रैंप और और लैंड स्केपिंग के बचे हुए कार्य के लिए भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अतिरिक्त धन राशि की मांग की गई। जिस पर मुख्यमंत्री ने निदेशक, उच्च शिक्षा विभाग को आदेश कर इस कार्य को लेकर जो भी औपचारिकताएं हैं उसको पूर्ण करने के लिए कहा गया। जबकि निदेशक उच्च शिक्षा विभाग ने इसको लेकर वल्लभ महाविद्यालय मंडी के प्राचार्य से इस कार्य का प्रारूप और जरूरी औपचारिकताओं को पूर्ण कर भेजने के लिए आदेश जारी किए गए हैं ।