बिरसा कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस पर विद्यार्थियों ने दिखाई खेल प्रतिभा

खूंटी, 29 अगस्त । विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और खेलकूद के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को बिरसा कॉलेज, खूंटी में राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा खेल भावना का परिचय दिया। आयोजन को लेकर पूरे कॉलेज परिसर में उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज की प्राचार्या डॉ. पुष्पा सुरीन और खेल प्रभारी राज कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्या ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही आवश्यक नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाने में भी सहायक होते हैं।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। कॉलेज के शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

खेल दिवस के आयोजन और विभिन्न प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में सावित्री कुमारी, इंदिरा कोंगारी, डॉ. सीजरेन सुरीन और काली मुंडू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर डॉ. अभिषेक कुमार, वासुदेव हस्सा, तारीफ लुगुन और प्रकाश प्रमाणिक सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।————-