झींकपानी में जूनियर रंगीन बेल्ट कराटे ग्रेडिंग परीक्षा में कशिश का उत्कृष्ट प्रदर्शन

पश्चिमी सिंहभूम, 12 सितंबर । जिले के झींकपानी में शनिवार को जापान कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया झारखंड, पश्चिमी सिंहभूम के तत्वावधान में एक दिवसीय जूनियर रंगीन बेल्ट कराटे ग्रेडिंग परीक्षा आयोजित की गई।

परीक्षा जेकेएआई झींकपानी शाखा के मुख्य कराटे प्रशिक्षण केंद्र संत टेरेसा स्कूल, कुम्हार टोली में संपन्न हुई। इसमें संत टेरेसा स्कूल की शाखा से सात कराटे खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा के दौरान खिलाड़ियों की किहोन, काता, कुमिते, शारीरिक क्षमता और मौखिक ज्ञान की जांच की गई।

परीक्षा का संचालन जापान कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया झारखंड के मुख्य कराटे प्रशिक्षक एवं परीक्षक सेंसाई पंकज कुमार सिंह ने किया। उन्हें जापान से छठी डान की ब्लैक बेल्ट प्राप्त है। परीक्षा को सफल बनाने में जापान से तीसरी डान की ब्लैक बेल्ट प्राप्त प्रशिक्षक सेंसाई देवाशीष प्रसाद खनडाईत ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ग्रेडिंग परीक्षा में दिव्या कोड़ा ने छठी क्यू हरी बेल्ट प्राप्त की। प्रिय हंसिनी तिरिया, अंजलि बंकुरा, स्मृति रानी पन्ना और आर्यन केरकेट्टा ने पांचवीं क्यू बैंगनी बेल्ट हासिल की। वहीं कशिश सवैंया ने चौथी क्यू बैंगनी पट्टी बेल्ट प्राप्त करते हुए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। सेंसाई पंकज कुमार सिंह ने कहा कि ग्रेडिंग परीक्षा के माध्यम से खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता, अनुशासन, शारीरिक क्षमता और कराटे के प्रति समझ का मूल्यांकन किया जाता है।

उन्होंने सफल खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास जारी रखते हुए भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए मेहनत करने की सलाह दी। आयोजकों ने कहा कि कराटे प्रशिक्षण बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक दक्षता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रशिक्षण केंद्र से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता जताई।