धौलपुर, 15 सितंबर । केन्द्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से माय भारत पोर्टल पर विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं के नवाचारों और नीति निर्धारण में उनके विचारों को शामिल करना है।
जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत केन्द्र जनक राज मीना और सहायक निदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी राजकुमार मीना ने संयुक्त प्रेसवार्ता में बताया कि प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के पहले चरण में विकसित भारत क्विज का आयोजन 17 अगस्त से 30 सितंबर तक माय भारत पोर्टल पर किया जा रहा है। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा डिजिटल माध्यम से भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रत्येक जिले से शीर्ष 50 निबंधों का चयन पीपीटी राउंड के लिए किया जाएगा। प्रत्येक जिले से शीर्ष दो प्रस्तुतकर्ता राज्य स्तरीय विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग प्रतियोगिता के लिए पात्र होंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं नवंबर में आयोजित की जाएंगी।
अंतिम रूप से चयनित युवाओं को राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। सभी छह श्रेणियों में चयनित राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों की टीमें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी।