भैंसों को मारते-पीटते ले जा रहे दो गिरफ्तार

बलरामपुर, 21 सितंबर । कुसमी-जशपुर मार्ग पर चार भैंसों को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते हुए झारखंड की ओर ले जाने के मामले में कुसमी पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान एक अन्य व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। चारों भैंसों को सुरक्षित ग्राम भवानीपुर में रखा गया है।

पुलिस ने आज सोमवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, 20 सितंबर की रात करीब 3 बजे पीड़ित नानकचंद राम भगत को सूचना मिली कि कुछ लोग कुसमी-जशपुर रोड से चार भैंसों को डंडे से मारते-पीटते हुए झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलने पर प्रार्थी और ग्रामीणों ने उनका पीछा किया। ग्राम लवकशपुर और भवानीपुर के बीच लावा नदी के पास ग्रामीणों ने उन्हें रोक लिया।

मौके पर दो लोगों ने अपना नाम अशोक उर्फ अकबर, निवासी बहेरना, थाना आस्ता, जिला जशपुर और राजदीप, निवासी खम्हली, थाना आस्ता, जिला जशपुर बताया। वहीं, तीसरा व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया। ग्रामीणों ने चारों भैंसों को सुरक्षित ग्राम भवानीपुर में रखा।

पुलिस के मुताबिक, भैंसों को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते हुए झारखंड के बूचड़खाने ले जाने के मामले में थाना कुसमी में अपराध क्रमांक 83/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मौके से पकड़े गए दोनों आरोपितों से पूछताछ के बाद आज सोमवार को पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में फरार तीसरे व्यक्ति की तलाश और प्रकरण की आगे की विवेचना जारी है।