जबलपुर : रांझी में चाय-नाश्ते की दुकान पर बम से हमला, दो जिंदा सूअरमार बम बरामद

जबलपुर, 30 सितंबर । रांझी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने मंगलवार- बुधवार की दरमियानी रात चाय-नाश्ते की दुकान को निशाना बनाकर बम फेंके। पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के सामने दुकान नंबर 113 पर हुए धमाकों से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को मौके से फटे हुए बम के अवशेषों के अलावा दो जिंदा सूअरमार बम भी मिले हैं। घटना के बाद क्षेत्र के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार विभाष गुप्ता अपने भाई सुभाष गुप्ता के साथ पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के सामने दुकान नंबर 113 पर चाय-नाश्ते की दुकान संचालित करते हैं। देर रात करीब एक बजे अज्ञात बदमाशों ने दुकान के शटर पर बम से हमला कर दिया। धमाकों की आवाज सुनकर दोनों भाई मौके पर पहुंचे तो दुकान के शटर को नुकसान पहुंचा था।

घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, पुलिस की जांच के दौरान मौके से फटे हुए बम के अवशेष और दो जिंदा सूअरमार बम बरामद होने से मामले की गंभीरता बढ़ गई। पुलिस ने विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित तरीके से कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद भय के कारण पीड़ित तत्काल थाने नहीं पहुंचे। सुबह विभाष और सुभाष गुप्ता पड़ोसी राजेश पटेल और सुरेश बेन के साथ रांझी थाने पहुंचे और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दुकान को निशाना बनाने के पीछे बदमाशों का मकसद क्या था।