बलरामपुर, 03 अक्टूबर । सेवा संकल्प अभियान एवं सेवा सेतु अभियान के तहत आज शनिवार को नगर पालिका परिषद बलरामपुर के साप्ताहिक बाजार स्थल के समीप सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और विभिन्न सेवाओं का लाभ लेने के साथ अपनी समस्याओं का समाधान कराया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से चार स्टॉल लगाए गए थे। प्राप्त आवेदनों के आधार पर हितग्राहियों को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और आयुष्मान वय वंदना योजना के कार्ड वितरित किए गए।
चिकित्सा दल ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत लोगों को टीबी से संबंधित जानकारी दी। वहीं स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत शिशुओं की जांच और परामर्श के साथ बुजुर्गों की देखभाल एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
शिविर में चिकित्सा दल के साथ संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे। सेवा सेतु शिविर के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।