धनबाद में निर्यात बढ़ाने की नई रणनीति, हार्ड कोक के साथ इंजीनियरिंग और कृषि उत्पादों पर जोर

धनबाद, 05 अक्टूबर । धनबाद जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति की समीक्षा बैठक सोमवार को समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सन्नी राज की अध्यक्षता में हुई। ‘डिस्ट्रिक्ट्स एज एक्सपोर्ट हब्स’ पहल के तहत आयोजित बैठक में चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के निर्यात आंकड़ों की पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि से तुलना करते हुए जिला निर्यात कार्य योजना की समीक्षा की गई।

बैठक में धनबाद के निर्यात को पारंपरिक हार्ड कोकिंग कोल के दायरे से आगे बढ़ाकर नए उत्पादों और बाजारों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक संजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि हार्ड कोक के अलावा इंजीनियरिंग गुड्स, कास्टिंग, फर्नेस लाइनिंग और मैन्युफैक्चरिंग उपकरणों के निर्यात को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कृषि और बागवानी क्षेत्र में स्थानीय टमाटर एवं मौसमी उत्पादों को भी निर्यात बाजार से जोड़ने की योजना पर काम किया जा रहा है। बैठक में चिरकुंडा की पांच फैक्ट्रियों से नेपाल, भूटान, अफ्रीका, बांग्लादेश, कुवैत और ओमान सहित विभिन्न देशों में होने वाले निर्यात पर भी चर्चा हुई।

बैठक में छोटे और नए निर्यातकों को जोखिम प्रबंधन, ऋण सुविधा, तकनीकी उन्नयन और बेहतर लॉजिस्टिक्स उपलब्ध कराने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही एमएसएमई इकाइयों को ओएनडीसी, अमेजन, डीएचएल और शिपरॉकेट जैसे प्लेटफॉर्म से जोड़ने पर भी मंथन हुआ।

डीडीसी सन्नी राज ने संबंधित विभागों और संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और उद्यमियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी पहल करने पर जोर दिया।———