खूंटी, 05 अक्टूबर । कर्रा प्रखंड के तिलमी स्थित उच्च विद्यालय के कुछ बच्चों के अस्वस्थ होने की सूचना पर उपायुक्त मो. जावेद हुसैन सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने इलाजरत बच्चों और उनके अभिभावकों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उपायुक्त ने मौके पर मौजूद चिकित्सकों से बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को बच्चों की समुचित जांच कराने और आवश्यकता के अनुसार बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जाए।
उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालय के अन्य बच्चों के स्वास्थ्य की भी जानकारी लेने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी अन्य बच्चे में स्वास्थ्य संबंधी परेशानी या लक्षण दिखाई देते हैं, तो समय रहते उसकी जांच कराकर आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, कर्रा के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।
