रायगढ़, 08 अक्टूबर । शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक लगातार पहुंच रही है। सेवा की कहानी के माध्यम से ग्राम पंचायत बनसिया निवासी शत्रुघन जाटवर ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनका पक्का आवास का सपना पूरा हुआ है।
वे बताते हैं कि पहले उनका परिवार कच्चे घर में रहता था। बारिश और मौसम की मार के बीच घर की चिंता हमेशा बनी रहती थी। पक्का मकान बन जाने के बाद अब परिवार को सुरक्षित छत मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से मिले इस घर ने उनके जीवन में स्थायित्व और आत्मविश्वास लाया है।
शत्रुघन जाटवर कहते हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उनके जैसे जरूरतमंद और आवासहीन परिवारों को पक्का घर मिलना उनके लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास पहले रहने के लिए कच्चा खप्पर हुआ करता था, उन्हें आज पक्का घर मिल रहा है। यह गरीब परिवारों के लिए सम्मान और सुरक्षा का आधार बना है। शत्रुघन ने पक्का आवास मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गरीब और आवासहीन परिवारों के लिए चलाई जा रही योजनाओं से उनके जैसे अनेक परिवारों को अपने घर का सपना पूरा करने का अवसर मिला है।
