नई दिल्ली, 14 नवंबर । केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने शनिवार को देश के खेल सामग्री विनिर्माण उद्योग के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को खेल उपकरणों के वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने के विजन को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य घरेलू उत्पादन को मजबूत करने के साथ भारतीय खेल सामग्री की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाना है।
इस बातचीत के दौरान मांडविया ने खेलो इंडिया खेल सामग्री विनिर्माण योजना के उद्देश्यों की जानकारी दी। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 28 अक्टूबर 2026 को इस योजना को मंजूरी दी थी। इसके लिए वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक की अवधि में 1,856.67 करोड़ रुपये का वित्तीय प्रावधान किया गया है।
केंद्रीय बजट 2026-27 में घोषित इस योजना का उद्देश्य देश में खेल सामग्री विनिर्माण के पूरे तंत्र को मजबूत करना, नवाचार को प्रोत्साहित करना, घरेलू उत्पादन बढ़ाना और भारतीय खेल उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता विकसित करना है।
योजना के तहत निवेश, नई तकनीक अपनाने, अनुसंधान एवं विकास, कौशल विकास, गुणवत्ता प्रमाणन और बाजार विस्तार के लिए लक्षित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके माध्यम से देश में खेल उपकरणों के विनिर्माण की क्षमता बढ़ाने और भारतीय निर्माताओं को वैश्विक आपूर्ति शृंखला से अधिक मजबूती से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।
यह योजना खेलो भारत नीति 2025, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप तैयार की गई है। इससे देश में निवेश आकर्षित होने, रोजगार के नए अवसर पैदा होने, घरेलू विनिर्माण क्षमता मजबूत होने और भारतीय खेल उत्पादों की वैश्विक पहचान बढ़ने की उम्मीद है।
बैठक में खेल उद्योग से जुड़े कई प्रमुख प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें समिट स्पोर्ट्स के अब्दुल अलीम, कोल्टशॉट के हर्ष गोयल, आईमैक्स स्पोर्ट्स के गिरीश वेंकट, प्रो वुल्फ के तेजस भावसार, अनरैक के सहाना गोपाल, एडवेंचरा स्पोर्ट्स के उज्ज्वल अग्रवाल, एबे बाइक्स के अभिराम साडिनेनी और निविया के राजेश खरबंदा शामिल रहे।
यह बातचीत खेल सामग्री उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर काम करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इसके जरिए घरेलू विनिर्माण क्षमता को मजबूत करने, उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और गुणवत्तापूर्ण खेल सामग्री के वैश्विक बाजार में भारत को प्रमुख विनिर्माण गंतव्य बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
