सरकारी राशि गबन का पांच साल से फरार आरोपित गिरफ्तार
दुमका, 22 अक्टूबर (हि.स.)। अवैध वसूली व सरकारी राशि गबन के आरोप में नगर थाना पुलिस पांच साल बाद आरोपित एक्सेन वेंचर, कम्प्यूटर ऑपरेटर संजीत कुमार आर्या को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया है। पुलिस आरोपित को देवघर के पालोजारी से गिरफ्तार करने में सफल रही। गिरफ्तार आरोपित संजीत कुमार आर्या देवघर जिला के पालोजोरी थाना क्षेत्र के शिमलाचक(खागा) गांव निवासी है।
आरोपित कम्प्यूटर ऑपरेटर जिला परिवहन कार्यालय में कार्यरत था। मामले में तत्कालीन लिपिक, परिवहन कार्यालय विनय कुमार कर्ण के लिखित शिकायत पर प्राथमिकी 16 जनवरी 2019 में दर्ज हुई थी। मामले में नगर थाना पुलिस थाना कांड संख्या 11/2019 के तहत भादवी की धारा 408,409,419,120 बी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई थी। लिपिक ने आवेदन में प्रारंभिक तौर पर 182 उपभोक्ता से निर्धारित शुल्क से अधिक अवैध वसूली करते हुए कुल 6,52,700 रूपये साजिशन सरकारी राशि गबन का आरोप लगाया था।
आरोपित कम्प्यूटर ऑपरेटर पर वाहन चालक का लाईसेंस नवीनकरण करने के एवज में निर्धारित शुल्क 400 के जगह 2500 रूपये की वसूली करता था। आरोपी ऑपरेटर चालक के लाईसेंस की अवधि समाप्त होने पर पैसे लेकर लाईसेंस की वैद्यता बढ़ा इंट््री कर देता था। जिससे की अतिरिक्त पैनाल्टी नहीं लग सके। जिसकी एक प्रति उपभोक्ता को और दूसरी प्रति मूल दस्तावेज में लगा देते था। जिससे वास्तविक लाईसेंस की जांच पर किसी को किसी प्रकार का शक नहीं हो। मामला प्रकाश में आने पर जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देशानुसार पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित हुई। जांच समिति ने भी जांच के दौरान आरोप सही पाया और कई रसीद पाया। इसके बाद तत्कालीन लिपिक के लिखित आवेदन पर पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन करते हुए आरोपित की गिरफ्तारी में पुलिस जुटी थी।
नगर थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा ने बताया कि अवैध वसूली व सरकारी राशि के गबन के आरोप में तत्कालीन कम्प्यूटर ऑपरेटर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपित फरार चल रहा था। पुलिस गबन के साजिश में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी जल्द करने में सफल होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार
—————