पूरी अकीदत के साथ मनाया जा रहा है हजरत अमीर खुसरो का 721 वां उर्स मुबारक

पूरी अकीदत के साथ मनाया जा रहा है हजरत अमीर खुसरो का 721 वां उर्स मुबारक

नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। हजरत अमीर खुसरो का 721 वां उर्स मुबारक पूरी अकीदत (श्रद्धा) के साथ मनाया जा रहा है। 19 अप्रैल तक चलने वाले इस उर्स समारोह में देशभर से उनके आकीदतमंद दरगाह हजरत निजामुद्दीन स्थित उनकी दरगाह पर हाजिरी देने और अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए आ रहे हैं। अकीदतमंदों के जरिए हजरत निजामुद्दीन औलिया के शागिर्द-ए-खास रहे हजरत अमीर खुसरो के उर्स के अवसर पर उनकी मजार पर फूलों और चादरों का नजराना पेश किया जा रहा है। इस मौके पर उनकी दरगाह पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें देश की खुशहाली उन्नति और शान्ति के लिए विशेष दुआएं की गईं।

दरगाह हजरत निजामुद्दीन औलिया के चीफ इंचार्ज काशिफ निजामी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी हजरत ख्वाजा अमीर खुसरो का 721 वां उर्स समारोह पूरी धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उर्स समारोह 15 अप्रैल से ही शुरू हो गया था, लेकिन आज से उर्स की विशेष आयोजन शुरू हुए हैं। उन्होंने बताया कि हजरत अमीर खुसरो हजरत ख्वाजा निजामुद्दीन औलिया के शागिर्द-ए-खास थे और दोनों में आपस में बेइंतहा मोहब्बत थी।

हिन्दुस्थान समाचार/मोहम्मद ओवैस