चक्रधरपुर में 22 गोवंश बरामद, पशु तस्कर फरार
पश्चिम सिंहभूम, 6 मई (हि.स.)। पश्चिम सिंहभूम जिला स्थित चक्रधरपुर में बजरंग दल और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बार फिर पशु तस्करी को रोका गया। मंगलवार सुबह 22 गोवंश को बरामद किया गया, जबकि तस्कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद दर्जनों ग्रामीण अपने आधार कार्ड के साथ पशु लेने थाना पहुंचे।मगर उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।
मंगलवार को चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में पशु तस्करी की सूचना मिलते ही बजरंग दल के सदस्यों ने सक्रियता दिखाई। बताया गया कि पदमपुर से कुदलीबाड़ी की ओर पशु तस्कर गोवंश लेकर जा रहे थे। सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और बजरंग दल ने संयुक्त छापेमारी कर रूगंसाई के पास से 22 गोवंश को बरामद कर लिया। हालांकि, पशु तस्कर पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही चक्रधरपुर में यह खबर तेजी से फैल गई। इसके बाद आसपास के कई गांवों से लोग अपने आधार कार्ड के साथ थाना पहुंचे ताकि वे पकड़े गए पशुओं की देखभाल के लिए उन्हें अपने पास ले सकें। थाना प्रभारी राजीव रंजन ने प्रेस को बताया कि ग्रामीणों आए थे।वे चाहते थे कि पकड़े गए पशुओं को उनको दिया जाए। लेकिन सभी पशुओं को गौशाला भेज दिया गया है और अज्ञात तस्करों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
—————