टी.सी. नहीं देने के मामले में वैदिक इंटरनेशनल स्कूल की शिकायत

टी.सी. नहीं देने के मामले में वैदिक इंटरनेशनल स्कूल की शिकायत

रायगढ़, 6 मई (हि.स.)। रायगढ़ के पटेलपाली में स्थित वैदिक इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधन द्वारा दो बच्चों को टी.सी. नहीं देने के मामले में थाना जूट मिल जिला शिक्षा अधिकारी ,पुलिस अधीक्षक रायगढ़ और जिला कलेक्टर रायगढ़ से पत्राचार के माध्यम से शिकायत की गई है।

इस मामले में श्रीमती प्रियंका पाण्डेय पति स्व. विनय पाण्डेय ग्राम – टाड़ापारा, पो.-गोरपार तह.-खरसिया, जिला रायगढ़ ने अपने शिकायत पत्र में कहा है कि मेरे दो बच्चें विभोर पाण्डेय और विशेष पाण्डेय जो कि वैदिक इंटरनेशनल स्कूल रायगढ़ (पटेलपाली) में पढ़ते है। विभोर पाण्डेय क्लास 9 वी से 10 वीं गया है और विशेष पाण्डेय 7वीं से 8वी गया है। मेरे पति विनय पाण्डेय का आकस्मिक निधन दिनांक 16 अक्टूबर 2023 को हो गया है। जिसके वजह से मैं और मेरे बच्चे का खर्च चलाने में ही असमर्थ हूँ। वैदिक इंटरनेशल स्कूल की फीस बहुत ज्यादा है। बहुत ज्यादा है उसे देने में मैं असमर्थ हूँ। मेरे बच्चे का पढ़ाई में बहुत ज्यादा नुकसान हो चुका है। वैदिक इंटरनेशनल स्कूल का जब से नया सेशन चालू हुआ है। तब से हम 10 से 15 बार स्कूल जा चुके है। स्कूल द्वारा न तो बच्चे का रिजल्ट दिया जा रहा है और न ही बच्चों को स्कूल में ही रखा गया है। वहां की प्राचार्य द्वारा बोला गया बिना फीस पटाये हम बच्चे को नहीं रख सकते है, आप अपने बच्चे को ले जाये । इस प्रकार बोल कर बच्चे को स्कूल में नही रखा गया।

पीड़िता ने बताया कि मेरे पति स्व. विनय पाण्डेय की मृत्यु के बाद हम चेयरमेन से बैठक कर बात किये थे कि मैं आपके स्कूल का इतना फीस नहीं दे पाऊंगी। तब उन्होंने दिलासा दिया था कि आपसे फीस कौन मांग रहा है। आप अपने बच्चे को पढ़ाओ। उसके बाद फीस के लिए किसी प्रकार का काल नही आया न मैसेज । 2 साल तक बच्चे को रखा गया। अब फीस 5 से 6 लाख के बीच मांग रहे है। मैं इस फीस को देने में असमर्थ हूँ। मेरे बच्चे का भविष्य खराब हो रहा है और मुझे बहुत ज्यादा मानसिक तनाव है । यदि मुझे कुछ हुआ तो इसकी जिम्मेदारी वैदिक इंटरनेशनल स्कूल और छ.ग. शासन को होगी ।