भारतीय जनता युवा मोर्चा आज प्रदेश भर में करेगा कांग्रेस कार्यालयों का घेराव

भोपाल, 21 फ़रवरी । भारतीय जनता युवा मोर्चा आज, शनिवार को दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अर्धनग्न प्रदर्शन के खिलाफ भोपाल सहित प्रदेश भर के प्रमुख जिलों में स्थित कांग्रेस कार्यालयों का घेराव कर आक्रामक प्रदर्शन करेगा।

भोपाल संभाग के अंतर्गत शनिवार को दोपहर 2 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, शिवाजी चौराहा के पास भोपाल ग्रामीण, सीहोर, विदिशा, राजगढ़, रायसेन एवं नर्मदापुरम जिलों के कार्यकर्ता एकत्र होकर प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही युवा मोर्चा के नेतृत्व में ग्वालियर, मुरैना, सागर, इंदौर, खंडवा, उज्जैन, मंदसौर, रीवा, शहडोल, जबलपुर और छिंदवाड़ा जिलों में कांग्रेस कार्यालयों का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने बताया कि आज पूरा विश्व भारत की तकनीकी क्षमता और कृत्रिम बुद्धिमत्ता एआई में नेतृत्व की सराहना कर रहा था, तब राहुल गांधी के इशारे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी घटिया कार्यशैली का परिचय देते हुए भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के स्थल के अंदर अर्धनग्न प्रदर्शन कर भारत की छवि धुमिल करने का प्रयास किया है। इस प्रकार के प्रदर्शन से पूरे राष्ट्र का सिर शर्म से झुका है, जिसके विरोध में शनिवार को प्रदेश भर में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा कांग्रेस कार्यालयों का घेराव कर राहुल गांधी एवं कांग्रेस के विरोध में आक्रामक प्रदर्शन किया जायेगा।