कैथल में किसानाें ने अमेरिका के साथ हुए समझाैते की प्रतियां जलाई

कैथल, 15 फ़रवरी । कैथल में भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर की कार्यकारिणी की बैठक दीनबंधु सर छोटूराम सामुदायिक केंद्र, तितरम मोड़ पर आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। इस दौरान रविवार को किसानों ने केंद्र सरकार द्वारा अमेरिका के साथ फसल खरीद को लेकर किए गए समझौते का विरोध जताया। विरोध स्वरूप किसानों ने सरकार के आदेशों की प्रतियां भी जलाईं।

जिला अध्यक्ष शमशेर सिंह तितरम और होशियार गिल प्योदा ने कहा कि सरकार विदेशों से कृषि उत्पाद खरीदने की तैयारी कर रही है, जिससे देश के किसानों को नुकसान होगा। उनका कहना था कि अमेरिका जैसे देशों में किसानों के पास बड़ी जोतें हैं और उन्हें फसल बिक्री पर 60 लाख से लेकर एक करोड़ रुपये तक की सब्सिडी मिलती है, जबकि भारत में किसानों को औसतन करीब 13 हजार रुपये की सब्सिडी दी जाती है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि विदेशों से फसल खरीदी गई तो मक्का और गेहूं जैसी फसलों के उचित दाम किसानों को नहीं मिल पाएंगे। साथ ही बाहर से आने वाले उत्पादों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए। किसानों ने इस समझौते को वापस लेने की मांग की। बैठक के अंत में किसानों ने घोषणा की कि 19 मार्च को दिल्ली में इस मुद्दे के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा और अधिक से अधिक किसानों से इसमें शामिल होने की अपील की।