गुरुग्राम, 22 फरवरी । यहां एक रिटायर्ड आर्मी जवान ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से आत्महत्या कर ली। आर्मी जवान मंगलम यूनिवर्सिटी में नौकरी करता था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद के चलते मानसिक तनाव में रहता था। मृतक की पहचान खेडृला गांव निवासी कृष्ण (42 वर्ष) पुत्र मोहन सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कृष्ण भारतीय सेना से रिटायर होने के बाद सोहना स्थित केआर मंगलम यूनिवर्सिटी में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक रूप से परेशान था। रविवार को घरेलू कलह के चलते उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद परिजन उन्हें सोहना के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी सुखपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से छानबीन की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। इस घटना से परिवार में गहरा दुख है।