रामगढ में शाम 05 बजे तक 65.63 फीसदी मतदान

रामगढ़, 23 फ़रवरी । नगर पालिका चुनाव के दौरान सोमवार की सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रही। यह कतार शाम 05 बजे तक नजर आई। चुनाव में भी मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शाम 05 बजे तक मतदान का प्रतिशत 65.63 फ़ीसदी दर्ज किया गया। कुछ मतदान केंद्रों पर मतदाता कतार में लगे हुए थे, जो अपने वोट डालकर ही घर गए। किसी भी मतदान केंद्र पर ना तो हिंसक झड़प की सूचना आई, न हीं बोगस वोटिंग को लेकर शिकायतें अधिकारियों तक पहुंची। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से मतदाताओं ने अपने वोट डाले। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पूछता इंतजाम किए गए थे। यहां तक कि वरीय अधिकारी भी सभी मतदान केंद्रों पर पहुंचे और लचर होती विधि व्यवस्था को दुरुस्त कर दिया।

नगर पालिका का चुनाव बैलेट पेपर से कराया गया। चुनाव को लेकर मतदाताओं को प्रशासन की ओर से जागरूक भी किया गया था। इसके बावजूद वोटिंग के दौरान मतदाता उलझे हुए नजर आए। छत्तरमांडू के मॉडल बूथ 28 पर ही कई मतदाताओं ने बैलेट पेपर पर मोहर की जगह अपने अंगूठे का निशान लगा दिया। सबसे ज्यादा दिक्कत समय को लेकर हुई। एक मतदाता को अध्यक्ष और वार्ड पार्षद पद पर वोट डालना था। दो बैलट पेपर पर मुहर लगाकर उसे बैलेट बॉक्स में डालने में लगभग 5 मिनट का समय लग रहा था। इसकी वजह से मतदाता अपना वोट डालने के लिए लंबे समय तक इंतजार करते दिखेे।