पलामू, 19 फ़रवरी । आगामी 23 फरवरी को पलामू के पांचों नगर निकाय क्षेत्रों के लिये मतदान होगा। इसे लेकर गुरुवार को मेदिनीनगर के टाउन हॉल में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त समीरा एस और पुुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने चुनाव में प्रतिनियुक्त सेक्टर पदाधिकारियों और सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी समीरा एस ने एक-एक कर सेक्टर पदाधिकारी से उनके क्षेत्राधिकार में पड़ने वालों बूथों की संख्या, बूथों का लोकेशन, क्लस्टर से बूथों की दूरी की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी सेक्टर पदाधिकारियों से उनके बूथों पर एएमएफ के तहत सभी सुविधा बहाल रहे, यह सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि चुनाव निष्पक्ष और भय मुक्त वातावरण में संपन्न हो, इसके लिये सेक्टर पदाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के बीच आपसी समन्वय ज़रूरी है। मतदान के बाद सभी लोग क्लस्टर पर पहुंचेगें। पूर्व से निर्धारित रुट को फ़ॉलो करना जरूरी रहेगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाताओं के बीच वोटर इन्फॉर्मेशन स्लिप का वितरण शत-प्रतिशत करने का निर्देश दिया। किसी भी परिस्थिति में पोलिंग पर्सन के की ओर से निजी वाहनों का इस्तेमाल नहीं किया जायेगा। उन्होंने सभी को मतदान पूर्व संध्या जिम्मेदारी, आवंटित मतदान केंद्रों का दौरा, मतदान केंद्रों का निरीक्षण, नियंत्रण कक्ष एवं संचार व्यवस्था, क्रिटिकल बूथों पर विशेष नज़र रखने पर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने सभी को उनके दायित्व के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी।
वहीं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने कहा कि 23 फरवरी को मतदान स्थल के 100 मीटर के क्षेत्र में किसी प्रकार के हथियार ले जाने पर पाबंदी है। सभी पुलिस के जवान यह सुनिश्चित करें कि कोई भी मतदाता मतदान स्थल के भीतर मोबाइल के साथ प्रवेश नहीं करे।
उन्होंने मतदानकर्मियों से कहा कि किसी प्रकार की गड़बड़ी की शिकायत सर्वप्रथम अपने सेक्टर पुलिस पदाधिकारी से करें। इसके अलावे एसपी ने सभी पुलिस कर्मियों को भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने को लेकर कई निर्देश दिये।
मौके पर उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, सभी निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी, सभी सेक्टर पदाधिकारी और सेक्टर पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।