नवग्रह शक्तिपीठ की स्थापना से आएगी सुख-शांति: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

ग्वालियर, 18 फरवरी । मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि नवग्रह शक्तिपीठ की स्थापना से अंचल में सुख समृद्धि आएगी। नवग्रह की स्थापना पुण्य का कार्य है, जिसे पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र ने किया है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने यह बात बुधवार को ग्वालियर जिले के डबरा में नवग्रह शक्तिपीठ के दर्शन करने के बाद आमजनों से कही। इस अवसर पर उनके साथ नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल भी मौजूद थे।

दरअसल, डबरा में नवग्रह शक्तिपीठ की प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है। बुधवार को इस बागेश्वर धाम के महाराज पंडित धीरेंद्र शास्त्री द्वारा रामकथा कही जा रही थी। नवग्रह शक्तिपीठ दर्शन के लिए पहुंचे उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने भगवान की कथा सुनी। इसके साथ ही उन्होंने नवगह एवं मंदिर में स्थापित सभी देवी-देवताओं की पूजा अर्चना की।