बलरामपुर : महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक सहारा, निभा रहीं भागीदारी

बलरामपुर, 13 मई । सुशासन तिहार के तहत आयोजित पाढ़ी शिविर में जनसंपर्क विभाग द्वारा जनमन पत्रिका का वितरण किया गया। शिविर में महिलाओं ने शासन की योजनाओं की जानकारी मिलने और उससे जीवन में आए बदलावों को साझा किया।

ग्राम पस्ता की सुषमा ने बताया कि जनमन पत्रिका के माध्यम से उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिल रही है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि से उन्हें काफी सहूलियत हो रही है। इस राशि से वे बच्चों की छोटी-छोटी जरूरतें पूरी कर पा रही हैं और परिवार के खर्च में भी सहयोग कर रही हैं।

सुषमा ने कहा कि पहले छोटी जरूरतों के लिए भी कई बार सोचना पड़ता था, लेकिन अब वे आर्थिक रूप से परिवार की जिम्मेदारियों में भागीदारी निभा रही हैं।

इसी तरह पस्ता की संगीता ने कहा कि महतारी वंदन योजना ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है। उन्होंने बताया कि योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई, दैनिक जरूरतों और भविष्य के लिए बचत में किया जा रहा है।

संगीता ने कहा कि पहले वे पूरी तरह परिवार की आय पर निर्भर थीं, लेकिन अब योजना का लाभ मिलने से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे रही हैं।

दोनों महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना ने महिलाओं को आत्मविश्वास और आर्थिक मजबूती दी है, जिससे वे परिवार और बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने में सक्रिय भूमिका निभा पा रही हैं।