अफीम की अवैध खेती के खिलाफ पुलिस का जागरूकता अभियान

खूंटी, 12 जून । झारखंड सरकार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग के नेतृत्व में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध शुक्रवार को व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान का उद्देश्य नशामुक्त और अपराधमुक्त समाज के निर्माण के साथ-साथ अफीम की अवैध खेती की रोकथाम और उन्मूलन करना था।

इस दौरान थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों ने विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों को अफीम की खेती से जुड़े कानूनी, सामाजिक और आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। ग्रामीणों को बताया गया कि अफीम की खेती एनडीपीएस अधिनियम के तहत गंभीर अपराध है और इसमें संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाती है।

अभियान में पूर्व में एनडीपीएस मामलों में आरोपित होकर वर्तमान में जमानत पर बाहर चल रहे व्यक्तियों को भी शामिल किया गया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए लोगों से अवैध मादक पदार्थों से दूर रहने और कानून का पालन करने की अपील की।

पुलिस ने ग्रामीणों से अवैध अफीम की खेती की सूचना तत्काल स्थानीय थाना को देने का आग्रह किया और किसानों को वैकल्पिक और लाभकारी फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान ग्रामीणों ने अवैध अफीम खेती के खिलाफ पुलिस प्रशासन को सहयोग देने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।