मसूरी, 15 जून । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रथम मसूरी आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हाेंने स्थानीय कार्यकर्ताओं की ओर से संगठन की मजबूती, आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और क्षेत्रीय विकास कार्यों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।
भाजपा नेताओं के अनुसार नितिन नवीन निजी दौरे पर मसूरी पहुंचे थे और सोमवार शाम को दिल्ली के लिए रवाना हुए। प्रवास के दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की जमीनी स्थिति, जनसंपर्क अभियानों और जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता को लेकर फीडबैक लिया।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर देते हुए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के मद्देनजर निरंतर जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने को कहा।
कार्यकर्ताओं ने उन्हें बताया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा संगठन सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। इस दौरान क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की भी जानकारी दी गई।
बैठक में मौजूद नेताओं ने कहा कि मसूरी विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के नेतृत्व में सड़क,पेयजल, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित की गई हैं,जिनका सकारात्मक प्रभाव जनता के बीच देखने को मिल रहा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पार्टी पदाधिकारियों ने इसे आगामी चुनावी तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक दौरा बताया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठनात्मक गतिविधियों और विकास कार्यों की सराहना करते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यकर्ताओं ने उनसे वर्ष 2027 में पुनः मसूरी आने का आग्रह भी किया।
बैठक में भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, राकेश रावत, पूर्व महामंत्री कुशाल राणा, मंडल उपाध्यक्ष विजय बिंदवाल, गुड मोहन राणा सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।