भूमाफियाओं पर कसे शिकंजा, गुण्डा एक्ट, गैंगस्टर व एनएसए के तहत करें कड़ी कार्रवाई : मनीष कुमार वर्मा

प्रयागराज, 24 जून । भूमाफियाओं के खिलाफ शासन की जीरो टॉलरेंस नीति को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस आयुक्त जोगेन्द्र कुमार और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बुधवार को जिला स्तरीय एंटी भूमाफिया टॉस्क फोर्स की बैठक में कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सक्रिय भूमाफियाओं के विरुद्ध गुण्डा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा अवैध कब्जों को हटाकर अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों का जब्तीकरण किया जाए।

पुलिस लाइन सभागार में बुधवार को पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारियों एवं एसीपी को भूमाफियाओं की पुरानी सूची की संयुक्त समीक्षा कर नए भूमाफियाओं को चिन्हित करते हुए सूची को अद्यतन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी भूमाफिया को कार्रवाई से बचने नहीं दिया जाएगा और प्रत्येक सप्ताह की जाने वाली कार्रवाई की समीक्षा स्वयं की जाएगी।

बैठक में अधिकारियों को भूमाफिया पोर्टल को अपडेट करने तथा जनपद के सभी चिन्हित भूमाफियाओं का विवरण उसमें दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही एसडीएम और एसीपी को संयुक्त रिपोर्ट प्रस्तुत कर भू-माफियाओं के चिन्हीकरण की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने को कहा गया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि अधिकांश आपराधिक घटनाओं के पीछे भूमि विवाद प्रमुख कारण होता है, इसलिए ऐसे मामलों में पुलिस विभाग त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने राजस्व विभाग द्वारा कराई गई पैमाइश एवं पत्थरगड़ी को बार-बार ध्वस्त करने वाले लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अपर पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा, अपर पुलिस आयुक्त विजय ढुल, डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य, डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत, डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव, अपर जिलाधिकारी (नजूल)/मुख्य राजस्व अधिकारी संजय पांडे सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।