बलरामपुर, 02 जून । कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के नेतृत्व में जिले में संचालित मोर गांव मोर पानी अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
जनपद पंचायत वाड्रफनगर के डोंगरो क्लस्टर में मंगलवार काे आयोजित सुशासन तिहार न केवल शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का मंच बना, बल्कि जल संरक्षण और जनभागीदारी का प्रेरणादायी संदेश भी लेकर आया। कार्यक्रम में प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने जल संचयन को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए ग्रामीणों को जल संरक्षण का संकल्प दिलाया। इस दौरान किसान राम चलितर की निजी भूमि पर 5 प्रतिशत मॉडल के तहत जल संरक्षण संरचना के निर्माण का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है। वर्षा जल का संरक्षण कर हम आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं। 5 प्रतिशत मॉडल जल संरक्षण की दिशा में एक अभिनव पहल है, जिससे किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी, भूजल स्तर में सुधार होगा और खेती अधिक लाभकारी बनेगी। जनभागीदारी के बिना जल संरक्षण का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता, इसलिए प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जुड़ना चाहिए।
शिविर स्थल पर वीबी-जी-राम-जी के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ ग्रामीणों को क्यूआर कोड स्कैन कर विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया गया। ग्रामीणों को विकसित भारत ग्रामीण मिशन, जल संरक्षण, आजीविका संवर्धन, कृषि विकास तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
सुशासन तिहार शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति से ग्रामीणों को अवगत कराया गया। शिविर में हितग्राहियों को सामग्री वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा शिक्षा विभाग द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।