धमतरी, 12 जुलाई । नगरी विकासखंड के ग्राम महमल्ला में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शिकार की तलाश में जंगल से गांव पहुंचा एक तेंदुआ सूखे कुएं में गिर गया। कुएं से आ रही आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो अंदर तेंदुए को देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगरी वन परिक्षेत्र के बांधा बीट अंतर्गत ग्राम महमल्ला में करीब डेढ़ से दो वर्ष आयु का तेंदुआ जंगल से भोजन और शिकार की तलाश में गांव की ओर आ गया था। इसी दौरान वह एक ग्रामीण के सूखे कुएं में गिर गया। घटना के बाद वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली तथा तेंदुए को बिना किसी नुकसान के बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी। रेस्क्यू पूरा होने के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ने की तैयारी की जा रही है। महमल्ला गांव घने जंगल से सटा हुआ है, इसलिए वन्यजीवों का गांव की सीमा तक पहुंचना कोई नई बात नहीं है।
भोजन और पानी की तलाश में तेंदुए सहित अन्य वन्यप्राणी अक्सर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर लेते हैं। धमतरी जिले के सिहावा और नगरी वनांचल के अधिकांश गांव घने जंगलों और पहाड़ियों से लगे होने के कारण तेंदुआ, भालू सहित अन्य वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास माने जाते हैं। यही कारण है कि समय-समय पर इन क्षेत्रों में तेंदुओं द्वारा गाय, बछड़े, बकरियों और मुर्गों का शिकार किए जाने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। फिलहाल महमल्ला में वन विभाग की टीम सतर्कता के साथ रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई है और पूरे घटनाक्रम पर ग्रामीणों की नजर बनी हुई है।